हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरौली में एक किशोरी के साथ अभद्र टिप्पणी का विरोध करना उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के एक दबंग युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोरी, उसके पिता और बहन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे तीनों घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गांव बरौली निवासी सोनपाल की बेटी रेनू घर से दुकान पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर अभद्र टिप्पणी कर दी और गाली-गलौज करने लगा। किशोरी ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने पिता और बहन को दी।
इसके बाद सोनपाल और उनकी दोनों बेटियां युवक के पास विरोध करने पहुंचे। आरोप है कि युवक ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर तीनों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान सोनपाल के सिर पर किसी हथियार से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









