हाथरस जिले के थाना सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव महमूदपुर असदपुर में एक किसान की करीब दो दर्जन भैंसों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कई भैंसें जमीन पर गिरने लगीं। इस दौरान एक भैंस की मौत हो गई, जबकि अन्य भैंसों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सभी भैंसों ने पहले खेत में घास खाई और उसके बाद गांव के बंबे का पानी पिया। कुछ ही देर बाद पशुओं की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना सरकारी हेल्पलाइन पर दी गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर कोई सहायता नहीं मिली।
इसके बाद निजी पशु चिकित्सकों को बुलाकर उपचार शुरू कराया गया। बाद में सिकंद्राराऊ से सरकारी पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची और सभी बीमार भैंसों का इलाज शुरू किया।
पशु चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया आशंका जताई है कि घास के साथ किसी जहरीले पदार्थ के पेट में चले जाने से पशु बीमार हुए हैं। केवल बंबे का पानी पीने से ऐसी स्थिति बनने की संभावना कम बताई जा रही है।
हालांकि भैंस की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही चल सकेगा।










