हाथरस में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना हाथरस गेट पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न बॉर्डर, संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 250 वाहनों के चालान किए, जबकि 30 वाहनों को सीज किया गया।
चेकिंग के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की।
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।










