सिकंदराराऊ में झोलाछाप चिकित्सकों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्यवाही, कई को जारी किए गए नोटिस

0
25

 

सिकंद्राराऊ में झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंद्राराऊ के अधीक्षक डॉ. आर. के. वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम भट्टीकरा और कचौरा में छापेमारी की।

जांच के दौरान बिना वैध पंजीकरण के संचालित क्लीनिकों और चिकित्सा गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। अभियान में कई संदिग्ध झोलाछाप चिकित्सकों को चिन्हित करते हुए उन्हें नोटिस जारी किए गए और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति और नियमों के विपरीत चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आर. के. वर्मा ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है और जिले में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे इलाज के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत चिकित्सकों से ही संपर्क करें तथा किसी भी झोलाछाप चिकित्सक की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आमजन तक पहुंच सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here