सासनी में किसान गोष्ठी का हुआ आयोजन, वैज्ञानिकों ने बताई आधुनिक खेती और जैविक खाद की तकनीक

0
13

 

हाथरस के कस्बा सासनी क्षेत्र के गोहाना चौकी स्थित रोशन फार्म हाउस में प्रवीण कुमार धनगर के नेतृत्व में विशाल किसान विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईसीएआर (नई दिल्ली) और कृषि विभाग के आधा दर्जन से अधिक वैज्ञानिकों व विशेषज्ञों ने भाग लेकर क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को आधुनिक खेती, जैविक खाद और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी।

गोष्ठी में आईसीएआर (IARI) नई दिल्ली के एग्रोनॉमी विभाग के अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह राठौर, प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. राजीव कुमार सिंह, सीनियर साइंटिस्ट डॉ. सुभाष बाबू तथा टेक्निकल ऑफिसर मुकेश कुमार यादव सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संजीव कुमार उर्फ भोला सूर्यवंशी ने भी सहभागिता की।

विशेषज्ञों ने बताया कि यह कार्यक्रम सीएसआर परियोजना के तहत आयोजित किया गया है, जो उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कई जिलों में संचालित की जा रही है। उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हाथरस भी शामिल है।

गोष्ठी में वैज्ञानिकों ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि डीएपी और यूरिया पर अत्यधिक निर्भरता मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करती है। उन्होंने जैविक खाद, वर्मीकंपोस्ट (केंचुआ खाद), उन्नत बीज चयन और वैज्ञानिक खेती अपनाने पर जोर दिया। साथ ही किसानों को गोबर से वर्मीकंपोस्ट तैयार करने की विधि और आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि परियोजना के तहत अब तक चार राज्यों में लगभग 30 किसान गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं। सासनी में सफल आयोजन के बाद जल्द ही एक बड़े किसान मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक हजार से अधिक किसानों को आमंत्रित कर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here