ट्रक और ट्रेक्टर की भीषण टक्कर में ट्रैक्टर चालक की हुई दर्दनाक मौत, पुलिस मामले की जांच में जुटी

0
14

 

हाथरस के सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गांव बिलार के निकट उस समय हुआ, जब लकड़ी से भरे ट्रक और लोहे की सरियों से लदे ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे सिकंद्राराऊ से अलीगढ़ की ओर जा रहा ट्रक गांव बिलार के पास पहुंचा ही था कि अलीगढ़ की ओर से रॉन्ग साइड आ रहे लोहे की सरियों से भरे ट्रैक्टर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर में लदी सरियां सड़क पर बिखर गईं, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।

हादसे में एटा जनपद के दुल्हापुर निवासी 50 वर्षीय अतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही सिकंद्राराऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहीं, हाइड्रा मशीन की मदद से सड़क पर बिखरी सरियों और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया गया।

“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक बिना किसी इंडिकेटर और लाइट के रॉन्ग साइड पर वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here