हाथरस।एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स ने एक अज्ञात व्यक्ति का पूरे हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया।
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को सहपऊ थाना क्षेत्र के मानिकपुर रेलवे लाइन के पास करीब 48 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक ने सफेद कुर्ता और काली पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने शव की पहचान के लिए 72 घंटे तक प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कर उसे लावारिस घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुरोध पर समाजसेवी सुनीत आर्य और प्रवीन वार्ष्णेय ने आगे बढ़कर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स की देखरेख में समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में अज्ञात शव का सम्मानपूर्वक दाह संस्कार किया गया।
इस दौरान एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने भी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। अंतिम संस्कार में प्रवीन वार्ष्णेय, सुनीत आर्य, सुनील अग्रवाल, दीपक, बंटी भाई, सत्येंद्र मोहन राही, दीपांशु वार्ष्णेय, विशाल सोनी, पंछी वर्मा सहित कांस्टेबल वासु राणा और कांस्टेबल अंकित कुमार भी मौजूद रहे।
मानव अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्यरत संस्था का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।










