हाथरस मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर वेद प्रकाश ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर रोड, चिन्तापुर बदन, एहन एवं लाडपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं।
निरीक्षण के समय तक जलेसर रोड पर 22, चिन्तापुर बदन पर 27, एहन पर 38 तथा लाडपुर पर 40 मरीजों का उपचार किया जा चुका था।
सीएमओ को एहन और लाडपुर में बताया गया कि गांव की 15 वर्ष तक की सभी बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं चिन्तापुर बदन में केवल एक बालिका का टीकाकरण शेष था, जिसे रविवार को ही वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान लाडपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सबमर्सिबल मोटर खराब होने की जानकारी मिली। इस पर सीएमओ ने विभागीय जूनियर इंजीनियर (JE) को निर्देशित करते हुए मोटर को सोमवार तक ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहे।










