हाथरस।यूजीसी और एससी/एसटी एक्ट के विरोध में आमरण अनशन पर बैठे पंकज धवरैय्या के समर्थन में हाथरस शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों की स्मृति को भी समर्पित रहा।
जानकारी के अनुसार पंकज धवरैय्या पिछले आठ दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। उनके समर्थन में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष ठाकुर विशाल पौरुष के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए।
इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री सतेंद्र कुमार सिंह, राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के संदीप शर्मा, गौरव उपाध्याय, अक्षय पौरुष, जय शर्मा, लक्ष्मण, ब्रजेश पचौरी, तरुण फौजी, गोलू फौजी, विजय वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
कैंडल मार्च घंटाघर से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरा। हाथों में मोमबत्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और अनशनरत पंकज धवरैय्या की मांगों का समर्थन किया।
मार्च के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।







