हाथरस।जनपद में मीजिल्स-रूबैला यानी एमआर अभियान का शुभारम्भ 16 फरवरी से कर दिया गया है। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत शुरू हुए इस विशेष अभियान का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय की अध्यक्षता में आयोजित मीडिया कार्यक्रम में किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने बताया कि जिन जनपदों में खसरा के मामलों में वृद्धि देखी गई है, वहां यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह पूर्णतः स्कूल आधारित अभियान है, जिसके अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूल जाने वाले बच्चों को 16 से 27 फरवरी 2026 तक नॉन-आरआई दिवसों में एमआर वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एम.आई. आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के लगभग 1699 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 1 लाख 47 हजार 693 बच्चों को इस अभियान के तहत आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के उपरांत सभी बच्चों का विवरण भारत सरकार के यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा, जिससे अभिभावक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से डिजिटल टीकाकरण प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि एमआर वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। यह बच्चों में खसरा और रूबैला वायरस के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।









