चक रोड पर नाली का गंदा पानी बहाए जाने से खेतों तक जाने का रास्ता बंद होने की समस्या को लेकर चंद्रपाल सिंह ने कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना किया शुरू

0
7

 

हाथरस। चक रोड पर नाली का गंदा पानी बहाए जाने से खेतों तक जाने का रास्ता बंद होने की समस्या को लेकर हसायन ब्लॉक के नगला मया निवासी चंद्रपाल सिंह मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गए, जहां उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

चंद्रपाल सिंह ने बताया कि नगला मया गांव में चकबंदी वर्ष 1964 के दौरान चक रोड संख्या 124 को रास्ते के रूप में निर्धारित किया गया था। वर्ष 1983 के आसपास गांव की पोखर का पानी निकालने के लिए चक रोड संख्या 114 से होते हुए 124 तक एक नाला बनाया गया था। बाद में चक रोड संख्या 114 को मिट्टी डालकर रास्ते के रूप में विकसित कर दिया गया, जबकि चक रोड संख्या 124 को नाली के रूप में ही छोड़ दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2005 के आसपास से गांव की नालियों का गंदा पानी लगातार चक रोड संख्या 124 में बहाया जा रहा है, जिससे यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और किसानों का खेतों तक आना-जाना मुश्किल हो गया है।

चंद्रपाल सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की और ज्ञापन भी सौंपे, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे परेशान होकर उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

धरने पर बैठे चंद्रपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। वहीं, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here