हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) के पदाधिकारियों द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं उद्योग मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम (कलेक्ट्रेट प्रभारी) को सौंपा।
ज्ञापन में संगठन के पदाधिकारियों ने आठ प्रमुख मांगें उठाते हुए कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करे। उन्होंने बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, कोल्ड स्टोरेज (शीतगृह) संचालकों द्वारा आलू भंडारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, किसानों को सभी फसलों का लाभकारी मूल्य (एमएसपी) दोगुना करने की मांग की। इसके साथ ही कृषि एवं दुग्ध क्षेत्र को सरकार के नियंत्रण में रखने तथा प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू न करने की भी मांग उठाई गई।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों का कहना था कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसानों की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने सरकार से जल्द उचित निर्णय लेने की अपील की।
ज्ञापन देने वालों में रामबाबू सिंह चौहान, राम अवतार सिंह ठेनुआ, उमाशंकर, भगवान सिंह, निकेत वर्मा, अरमान, प्रदीप गर्ग, राकेश राणा, भगवान सिंह महावर, सूर्य प्रकाश सहित अन्य किसान मौजूद रहे।









