हाथरस। अखिल भारतीय लोधी कल्याण महासभा के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राजपूत के नेतृत्व में मंगलवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नगर पालिका परिषद क्षेत्र में शिलालेखों से पूर्व पदाधिकारियों के नाम हटाकर वर्तमान अध्यक्ष का नाम अंकित किए जाने का विरोध जताया गया। समाज के लोगों का कहना है कि जलेसर रोड स्थित पालिका मार्केट में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा के नीचे लगे पुराने शिलालेखों को हटाकर नए पत्थर लगाए गए हैं, जिनमें वर्तमान अध्यक्ष का नाम दर्ज किया गया है।
प्रतिनिधियों ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए सरकारी संपत्ति से छेड़छाड़ का मामला बताया। उनका कहना है कि मूल शिलालेखों को हटाना न केवल अवैध है, बल्कि इससे राजकीय धन की बर्बादी और ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ भी होती है। साथ ही इस कृत्य से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
लोधी समाज ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।









