सिकंदराराऊ से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां प्रतिबंधित बताए जा रहे कोडिंग युक्त सिरप की खाली बोतलों का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया है।
मामला सिकंदरा राव थाना क्षेत्र के फौजी पड़ाव इलाके का है, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बड़ी संख्या में कोडिंग युक्त विवादित सिरप की खाली बोतलें पड़ी हुई मिली हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 17 मार्च को स्थानीय स्तर पर सूचना मिली थी कि स्वास्थ्य केंद्र के पास संदिग्ध परिस्थितियों में इन बोतलों का जखीरा पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
गौरतलब है कि पूरे उत्तर प्रदेश में इस तरह के कोडिंग युक्त सिरप को लेकर पहले भी विवाद खड़ा हो चुका है। इस मामले में सरकार तक को घेरा गया था और कई नामचीन लोगों के नाम भी सामने आए थे। इसके बाद सरकार ने सख्त आदेश जारी करते हुए ऐसे सिरप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद सिकंदरा राव में इतनी बड़ी मात्रा में इन बोतलों का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस तरह के सिरप पर सख्ती और प्रतिबंध की बात कही गई है, तो आखिर ये बोतलें यहां तक कैसे पहुंचीं?
इतना ही नहीं, इन बोतलों पर नई तारीख दर्ज बताई जा रही है, जिससे यह आशंका और गहरा रही है कि कहीं न कहीं इनकी आपूर्ति हाल ही में हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास के मेडिकल स्टोर्स पर इस तरह के सिरप की बिक्री हो सकती है, जिसकी जांच जरूरी है।
फिलहाल यह मामला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए जांच का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।









