हाथरस में भी चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो गया है। नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
भोर की पहली किरण के साथ ही देवी मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लग गया। घरों में भी मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा की गई।
शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे बौहरे वाली देवी, रमनपुर स्थित चामुंडा देवी, चावड़ गेट स्थित चामुंडा देवी, किला गेट स्थित पथवारी मंदिर, कंकाली मंदिर और हाथुरसी माता मंदिर में श्रद्धालुओं ने देवी प्रतिमाओं का जलाभिषेक किया।
घरों में भक्तों ने लौंग, गुग्गुल, घी और बतासे जैसी सामग्री से देवी की अज्ञारी की। दिनभर मंदिरों के आसपास का वातावरण देवी के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिरों में देवी का आकर्षक शृंगार किया गया। मंदिरों में भजन-कीर्तन भी आयोजित हुए, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा।









