हाथरस। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रमनपुर स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे नगर में श्रद्धा और भक्ति के साथ भ्रमण किया।
कलश यात्रा का शुभारंभ महामाई चामुंडा देवी मंदिर से हुआ, जो नवल नगर, गांधी तिराहा, बागला मार्ग, सासनी गेट, कमला बाजार, घंटाघर एवं बौहरे देवी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पर आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर महंत पटल गिरी महाराज ने बताया कि नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कथा वाचन आचार्य संदीप भारद्वाज जी केसर मुख से किया जाएगा। साथ ही नवमी के दिन महामाई की भव्य आरती एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया जाएगा।









