आलू से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

0
7

 

हाथरस। बहन की ससुराल से लौट रहे एक बाइक सवार युवक को आलू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सासनी क्षेत्र के बिजहारी रोड पर 45 वर्षीय विजय सिंह पुत्र प्यारेलाल, निवासी मानिकपुर थाना विजयगढ़ जनपद अलीगढ़, अपनी बहन की ससुराल मथुरा से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आलू से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here