(हाथरस)। सासनी-इगलास मार्ग पर पानी की टंकी के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बच्चे और तीन युवतियों सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सवारियों से भरा एक टेंपो सासनी से इगलास की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार छोटा हाथी लोडर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
घायलों की पहचान 11 वर्षीय राहत पुत्र संजू निवासी मुकंदखेड़ा, 20 वर्षीय तुलसी पुत्र केदारी लाल निवासी नागल गडु, 19 वर्षीय पिंकी पुत्री रामवीर निवासी बसगोई, 19 वर्षीय रिया पुत्री रवि पाठक और 43 वर्षीय सोमन पत्नी रवि निवासी गांव छौंड़ा के रूप में हुई है।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिया और पिंकी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि घायल पिंकी अलीगढ़ के डीएस कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है और वह कॉलेज से अपने घर लौट रही थी। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।









