सासनी कोतवाली क्षेत्र के सिकुर गांव में शुक्रवार दोपहर पुश्तैनी जमीन विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक भीमसेन (48) अपने खेत पर पुत्री के साथ चारा लेने गए थे, तभी उनके दो सगे भाइयों और एक भतीजे ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में भीमसेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, भीमसेन का अपने भाइयों रवेंद्र, पूरना और भतीजे यशवीर (पूरना का पुत्र) के साथ लंबे समय से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तीनों आरोपी खेत पर भीमसेन से बात करने पहुंचे थे। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन जल्द ही बहस मारपीट में बदल गई।
हमले में भीमसेन को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी रवेंद्र, पूरना और यशवीर मौके से फरार हो गए। मृतक की पुत्री को भी चोटें लगी हैं, जिसे पुलिस ने सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि जमीन के आपसी विवाद में मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक की पुत्रवधू विनेश पत्नी हरकेश ने तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









