हाथरस। मानदेय न मिलने से नाराज ग्राम रोजगार सेवकों ने आगरा रोड स्थित हाथरस सदर ब्लॉक परिसर पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन किया। रोजगार सेवकों का आरोप है कि कई महीनों से उनका मानदेय लंबित है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परियोजना निदेशक व खंड विकास अधिकारी को कई बार मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
रोजगार सेवकों ने कहा कि मानदेय न मिलने के कारण उनके परिवार का भरण-पोषण प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई तक पर संकट गहराने लगा है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इसी क्रम में शुक्रवार को सभी रोजगार सेवक ब्लॉक पर एकत्रित होकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलते ही हाथरस ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे मौके पर पहुंचीं और उन्होंने रोजगार सेवकों से वार्ता की। वार्ता के दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
ब्लॉक प्रमुख के आश्वासन के बाद रोजगार सेवकों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान रविकांत शर्मा, मुकेश कुमार, किशन, अनिल पाठक, प्रशांत शर्मा, लालता प्रसाद, साहब सिंह, महेश चंद्र, लक्ष्मण, सचिन, नन्नू सिंह, नागेंद्र, संध्या देवी, चंद्रमोहन, रवि बाबू, सावित्री देवी, श्यामवीर, धर्मवीर सिंह, सुभम हसन सहित अन्य ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।









