सासनी के गांव रुदायन स्थित प्राचीन बूढ़े महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार देर शाम विश्व हिंदू परिषद (विहिप) प्रखंड सासनी, खंड रुदायन के तत्वावधान में ‘रामोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभु श्री राम के जीवन प्रसंगों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम से पूर्व सुबह मंदिर परिसर में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ से वातावरण भक्तिमय हो गया था। शाम को मंदिर परिसर में श्री राम भजन-कीर्तन किया गया। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को धर्म और संस्कारों से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्री राम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विहिप के पदाधिकारियों, बजरंग दल कार्यकर्ताओं और गांव की महिलाओं ने सामूहिक रूप से श्री राम संकीर्तन किया, जिससे पूरा परिसर भक्ति के उल्लास में डूब गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इसमें सहभागिता की।
मुख्य वक्ता विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बचाकर उन्हें अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संस्कारवान बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेश वाष्र्णेय ने की। श्रीमती माधवी देवी मुख्य अतिथि के रूप में तथा सुनील शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने कुशलतापूर्वक किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक व बजरंग दल के प्रखंड संयोजक अंकित उपाध्याय, सहमंत्री जयपाल सिंह कुशवाहा, सचिन भार्गव, सहसंयोजक विक्की कुशवाहा सहित मंजू शर्मा, सुखवीरी देवी, रानी देवी, रिंकी कुमारी, सपना, मिथलेश देवी, केला देवी, प्रिया शर्मा, मीना देवी, कमलेश देवी, सरोज देवी, गीता शर्मा, रजनी देवी, श्रीमती देवी, विथलेश शर्मा, सरोज शर्मा, ओमवती देवी, सविता कुमारी, अनीता देवी और गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।









