हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास निवासी लापता युवक रितेश उर्फ छोटू का शव शनिवार को करवन नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर अपहरण कर निर्मम हत्या करने का आरोप लगाया है।
बताया गया है कि रितेश उर्फ छोटू पुत्र सुग्रीव सिंह 13 मार्च की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने गांव और रिश्तेदारी में उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
14 मार्च को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी के अनुसार, युवक की तलाश संभावित स्थानों पर की जा रही थी। वहीं मृतक के चचेरे भाई मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
शनिवार को गांव के पास करवन नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रितेश के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि शव के पैर बंधे हुए थे और चेहरा तेजाब से जला हुआ था। उनका कहना है कि युवक का पहले अपहरण किया गया और बाद में तेजाब डालकर उसकी हत्या की गई। यह भी आरोप लगाया गया कि युवक के हाथ पर लिखा नाम भी काटकर मिटाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, मुरसान और चंदपा थाना पुलिस सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।









