हाथरस। शहर के बागला डिग्री कॉलेज मैदान में सोमवार को बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में लगभग 42 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उन्हें प्रशिक्षण उपरांत चयनित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में सादाबाद विधायक प्रदीप सिंह गुड्डू, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन युवाओं के लिए एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जिसमें कंपनियों को एक स्थान पर बुलाकर युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार नौकरी मिलने में आसानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि मेले में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 261 से अधिक युवाओं को जॉब ऑफर दिए गए हैं। आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। रोजगार मिलने से युवाओं के परिवारों में खुशहाली आएगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे, जिससे समाज और देश के विकास में उनका योगदान भी बढ़ेगा। मेले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों में इंटरव्यू देकर रोजगार पाने का प्रयास किया।









