हाथरस। सोमवार को तालाब चौराहे के पास स्थित तिकोनिया में विराजमान मां शीतला माता के मंदिर में भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों की सलामती और सुख-समृद्धि की कामना लेकर मंदिर पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए और बच्चों का झाला लगवाकर आशीर्वाद लिया।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि यह मंदिर काफी पुराना है और यहां हर सोमवार को महिला व पुरुष बड़ी संख्या में मां शीतला माता के दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालु अपने बच्चों की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं ऐसी भी आती हैं जिनके बच्चे बीमार रहते हैं या जिन्हें संतान की इच्छा होती है। मान्यता है कि मां शीतला माता के दर्शन और पूजा-अर्चना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर यहां हर वर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। इस दौरान महिला-पुरुष घर से भोजन बनाकर मंदिर परिसर में प्रसाद स्वरूप ग्रहण करते हैं।
चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन सोमवार सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में भी भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।









