हाथरस।पोषण अभियान के अंतर्गत जिला पोषण समिति एवं जिला निगरानी समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के वजन और लंबाई के नियमित मापन तथा गर्भवती महिलाओं के वजन की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों से संबंधित सभी आंकड़े पोषण ट्रैकर एप पर त्रुटिरहित और सत्यापित रूप में दर्ज किए जाएं।
समीक्षा के दौरान पोषण ट्रैकर एप, हॉट कुक्ड मील, कुपोषित बच्चों के प्रबंधन, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, केंद्रों के कायाकल्प एवं लर्निंग लैब, सहायिका भर्ती तथा कार्यकत्रियों के पदोन्नति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रस्तुत रिपोर्ट में गर्भवती महिलाओं के चिन्हीकरण, हाउस-टू-हाउस सर्वे तथा 0 से 5 वर्ष के बच्चों के आंकड़ों में भ्रामक जानकारी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की डेटा त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत घर-घर सर्वे कराया जाए और सभी आंकड़े पोषण ट्रैकर एप पर सही एवं प्रमाणित रूप से दर्ज किए जाएं। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को डेटा सत्यापन हेतु टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पदोन्नति और सहायिका भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताया और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं और 0 से 5 वर्ष के बच्चों को मानक के अनुरूप पोषाहार उपलब्ध कराया जाए, ताकि कुपोषण को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। साथ ही, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के माध्यम से कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से बच्चों का वजन और लंबाई मापी जाए तथा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण किए जाएं। इसके अतिरिक्त, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं लर्निंग लैब से जुड़े शेष कार्यों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आईसीडीएस स्टाफ उपस्थित









