सादाबाद के सुभाष गली निवासी सर्राफ नंदलाल बंसल ने पवित्र नर्मदा परिक्रमा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। लगभग 100 दिन की इस कठिन यात्रा के बाद उनके सकुशल लौटने पर कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में मंडी सचिव, आढ़ती संघ अध्यक्ष एवं हिंदू मुस्लिम समाज की आढ़ती द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
बंसल करीब 100 दिन पहले श्रद्धा और आस्था के साथ नर्मदा परिक्रमा के लिए निकले थे। उन्होंने पूरे विधि-विधान और संकल्प के साथ इस धार्मिक यात्रा को निर्धारित समय में पूर्ण किया।
8
मंडी परिसर में उनका स्वागत फूल-मालाओं से किया गया, उन्हें साफा बांधा गया और जयघोष के साथ अभिनंदन किया गया। इस दौरान मंडी परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने भी आरती उतारकर उनका स्वागत किया।
आगरा राजमार्ग स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति प्रांगण में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मंडी सचिव रुद्रांश शर्मा और मंडी आढ़ती संघ के अध्यक्ष ठाकुर अतेंद्र शाह सिसोदिया ने उन्हें साफा बांधकर और फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर लाखन सिंह, प्रमोद कौशिक, केशव देव शर्मा, जफर खां, आजाद खां, नूर मोहम्मद, चौधरी प्रेम सिंह, संदीप बघेल, सचिन पहलवान और श्याम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
नंदलाल बंसल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नर्मदा परिक्रमा एक कठिन, लेकिन गहन आध्यात्मिक यात्रा है। उन्होंने कहा कि इसे श्रद्धा, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ ही पूरा किया जा सकता है। परिक्रमा के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मां नर्मदा की कृपा से हर बाधा पार होती गई।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा उनके जीवन का एक अविस्मरणीय और प्रेरणादायक अनुभव बन गई है, जिसने उन्हें मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान किया है। नंदलाल बंसल की इस उपलब्धि पर नगरवासियों में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती हैं।









