हाथरस। प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और आपूर्ति को लेकर फैल रही खबरों के बीच जनपद हाथरस में शहर से लेकर देहात तक पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध था वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के प्रभाव के चलते आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका से लोगों में अफवाह फैल गई, जिसके कारण अचानक मांग बढ़ गई और कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कमी दिखाई देने लगी।
इसी बीच जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रशासनिक टीम के साथ शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राहकों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और पेट्रोल पंप संचालकों से भी वार्ता की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण करें और आमजन को जागरूक करें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मथुरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के साथ-साथ मधुगढ़ी क्षेत्र के समीप स्थित पंप का भी जायजा लिया। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने पंपों के बाहर स्पष्ट रूप से रेट बोर्ड प्रदर्शित करें। यदि किसी पंप पर पेट्रोल या डीजल उपलब्ध नहीं है, तो इसकी जानकारी भी बोर्ड के माध्यम से सार्वजनिक करें।
इस दौरान एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव यादव सहित थाना हाथरस गेट और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।









