हाथरस। चैत्र नवरात्रि के समापन पर रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां अंबे के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर तक जारी रहा। प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भीड़ इतनी अधिक थी कि मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। भक्तों को मां के दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
श्रद्धालुओं ने अपनी बारी आने पर माता का दूध, घी और जल से अभिषेक किया तथा लौंग, कपूर, सिंदूर, गुग्गुल, फल और पुष्प अर्पित कर मनोकामनाएं मांगीं। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति गीतों से गूंज उठा। “तेरा द्वार सजा है भवानी” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से भक्तिमय हो गया।
वहीं, श्रीराम नवमी के अवसर पर लोगों ने अपने-अपने घरों में कन्या पूजन का आयोजन भी किया। आसपास की कन्याओं को आमंत्रित कर उन्हें भोजन कराया गया और चुनरी भेंट कर आशीर्वाद लिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर सभी प्रमुख मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें।









