हाथरस जनपद के थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें कि यह घटना 18 मार्च 2026 की है, जब अमित नामक युवक, जो मोहनपुरा कासगंज में “माँ अम्बे ग्राहक सेवा केंद्र” संचालित करता है, रोज़ की तरह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान डुकरिया बम्बा के पास काले रंग की स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
इस मामले में थाना सिकंद्राराऊ में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देश पर कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। 25 मार्च 2026 को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था।
अब इसी कड़ी में 27 मार्च 2026 को पुलिस ने एक और वांछित अभियुक्त, भोला उर्फ सुखवेन्द्र, को सरदला पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से बचे हुए 5000 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया था और उसके हिस्से में आए 22,000 रुपये में से अधिकांश रकम उसने अपने पैर के इलाज में खर्च कर दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ हाथरस व कासगंज में कई मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।









