हाथरस के सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव बैरिसला में समाज ने इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश करते हुए एक गरीब और बेसहारा बेटी के सपनों को नई उड़ान दे दी। नीट परीक्षा क्वालीफाई करने वाली छात्रा खुशबू सोलंकी की आर्थिक मदद के लिए गांव और क्षेत्र के लोगों ने मात्र दो घंटे में एक लाख रुपये की धनराशि एकत्रित कर दी।
जानकारी के अनुसार, खुशबू सोलंकी के पिता का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। घर में आय का कोई स्थायी साधन न होने के कारण परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। अभावों के बीच सीमित संसाधनों और कमजोर रोशनी में पढ़ाई करते हुए खुशबू ने पहली ही कोशिश में नीट परीक्षा क्वालीफाई कर ली।
हालांकि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए भारी फीस परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई। बताया गया कि सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू ने छात्रा की स्थिति जानकर तीन महीने पहले ही अपनी ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी, लेकिन शेष फीस की व्यवस्था न होने पर मां-बेटी निराश हो गईं।
इसके बाद उन्होंने विजेंद्र चौधरी से संपर्क किया। छात्रा की लगन और परिवार की मजबूरी देखकर उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील की। अपील का असर यह हुआ कि समाज के प्रतिष्ठित लोगों, किसानों और युवाओं ने मिलकर मात्र दो घंटे में एक लाख रुपये जुटा लिए।
आर्थिक सहायता मिलने पर मां-बेटी भावुक हो गईं और सभी सहयोगियों का आभार जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि यह सहयोग खुशबू को डॉक्टर बनने की राह में नई ऊर्जा देगा।









