सिकंदराराऊ में सिविल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जीटी रोड स्थित नवीन न्याय भवन के सभागार में संपन्न हुआ, जहां जिला जज विनय कुमार ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को पहले आयोजित किया जाना था, लेकिन नवनिर्वाचित सचिव बृजभान सिंह चौहान की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। समारोह से पहले उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके स्थान पर जितेंद्र कुमार यादव को निर्विरोध सचिव चुना गया।
शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में जिला जज ने कहा कि बार और बेंच के बीच समन्वय न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। इससे आम जनता को समय पर और सुलभ न्याय मिल पाता है।
इस अवसर पर बार के अध्यक्ष कुलदीप पुंडीर समेत सभी पदाधिकारियों ने शपथ ली। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।









