थाना सादाबाद पुलिस ने वी0डी0ओ0 भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि अभियुक्त ने खुद को सचिवालय एवं उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकारी से जुड़ा अधिकारी बताकर अभ्यर्थियों से नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए प्रति व्यक्ति लगभग 20 लाख रुपये सिक्योरिटी के नाम पर वसूले गए।
पीड़ित धर्मेन्द्र सिंह, निवासी नगला देवा, थाना सादाबाद ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2018 में उसने अपने चार साथियों के साथ वी0डी0ओ0 भर्ती के लिए आवेदन किया था। आरोपियों ने परीक्षा से पहले ही बड़ी रकम जमा कराई और बाद में परिणाम आने के बाद पैसे लौटाने के बजाय एक फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।
जब नियुक्ति पत्र की जांच की गई तो वह पूरी तरह कूटरचित और फर्जी निकला। इसके बाद पीड़ित द्वारा थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सादाबाद पुलिस और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को जनपद आगरा के कुबेरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी के नाम पर धन की मांग करने वालों से सतर्क रहें और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।









