थाना सादाबाद क्षेत्र के ग्राम कुकटई में हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को वादी बंटी पुत्र निहाल सिंह, निवासी ग्राम कुकटई द्वारा थाना सादाबाद में शिकायत दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति पर न्यायालय से स्टे होने के बावजूद गांव के प्रधान के पुत्र अंकित और सचिन द्वारा जबरन खरंजा लगाया जा रहा था।
जब वादी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट की और फायरिंग भी की, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना सादाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक हाथरस, श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सादाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम आगरा चुंगी, सादाबाद क्षेत्र से इस घटना में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।









