सिकन्दराराऊ क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित गांव नावली लालपुर निवासी अनुपम यादव ने अपने पहले ही प्रयास में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
अनुपम यादव, जो एडवोकेट बृजेश यादव के पुत्र हैं, शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में तहसील में टॉप किया था। इसके बाद, उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन दयालबाग आगरा से पूरी की और परास्नातक की डिग्री अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से प्राप्त की।
अनुपम का सपना हमेशा से एक बड़ा अधिकारी बनकर जनता की सेवा करना था, जिसे उन्होंने पीसीएस परीक्षा क्रैक करके साकार किया है। उन्होंने बताया कि वह अभी रुकेंगे नहीं और आगे सिविल सेवा की तैयारी में जुट जाएंगे।
अनुपम के बड़े भाई अभिषेक यादव और छोटा भाई भी सरकारी कर्मचारी हैं। अनुपम की इस सफलता पर उनके भाई अभिषेक ने कहा कि इससे क्षेत्र के अन्य युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और वे भी ऐसी ही सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।









