हाथरस। स्मार्ट मीटर के कारण अचानक बिजली कटने से उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं को लेकर जनसेवार्थ मंच के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना बिजली सप्लाई काट दी जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संयोजक आशीष सेंगर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि जिले में पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए, लेकिन उपभोक्ताओं को न तो इसकी पर्याप्त जानकारी दी गई और न ही कोई प्रशिक्षण दिया गया। रिचार्ज न होने या माइनस बैलेंस होने पर अचानक बिजली काट दी जाती है, और रिचार्ज के बाद भी कई घंटों तक सप्लाई बहाल नहीं होती।
मंच ने मांग की कि तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने तक तत्काल बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए तथा उपभोक्ताओं को कम से कम दो माह का ग्रेस पीरियड दिया जाए। साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की गई।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में आशीष सेंगर, नारायण लाल, श्री भगवान वर्मा, हरप्रसाद माहौर, मनीष कूलवाल, वीरेंद्र माहौर और सोहन सिंह मौजूद रहे।









