हाथरस। बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास 27 वर्षीय गौरव उर्फ सचिन पुत्र मुकेश दीक्षित अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतक का हाल ही में सरकारी नौकरी में चयन हुआ था, हालांकि उसकी जॉइनिंग अभी नहीं हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









