यूपी के हाथरस में पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पुराने विवाद को लेकर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या से पहले आरोपियों और पत्रकार के बीच सुलह-समझौते को लेकर बैठक भी हुई थी, लेकिन बात नहीं बन सकी।
बैठक के बाद ही से थाना सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला चौक निवासी पत्रकार वेदप्रकाश संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और अगले दिन पत्रकार वेदप्रकाश का शव उनके घर से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर थाना सहपऊ क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित गंदे नाले से बरामद हुआ।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच भी जारी है।







