हाथरस।यूपी के हाथरस जनपद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना सादाबाद क्षेत्र में महज एक घंटे के भीतर हुई मां-बेटे की मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार थाना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी 41 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू को मंगलवार शाम करीब 6 बजे अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में सादाबाद सीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई।
शाम को जब परिजन उनका शव लेकर घर पहुंचे, तो बेटे का शव देखकर उनकी 72 वर्षीय मां राजवती देवी बेसुध हो गईं, बेटे की मौत का गहरा सदमा वह सहन नहीं कर सकीं और उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से आगरा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
महज कुछ ही घंटों में मां-बेटे की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह जब दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो पूरे गांव में मातम छा गया।









