हाथरस में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) अजय कुमार का शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 56 वर्षीय अजय कुमार का पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर जाते समय ट्रेन में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। अजय कुमार बीएसएफ की 134वीं बटालियन में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे।
वह मंगलवार को अपनी बटालियन के साथ जम्मू-कश्मीर से ट्रेन द्वारा कोलकाता के लिए रवाना हुए थे। गुरुवार को यात्रा के दौरान वह ट्रेन में अचेत अवस्था में पाए गए। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत झारखंड के हजारीबाग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हाथरस स्थित उनके परिवार में शोक छा गया।
शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर हाथरस शहर के मोहल्ला ओडपुरा स्थित लाया गया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पत्थर वाली श्मशान गृह ले गए। यहां बीएसएफ की टुकड़ी और स्थानीय पुलिस की टुकड़ी ने शोक शस्त्र की रस्म अदा की और उन्हें अंतिम विदाई दी।
अजय कुमार अपने पीछे तीन विवाहित संतानें छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। क्षेत्र के लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।









