हाथरस शहर के नवीपुर रोड स्थित श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के प्रोफेसर नवीन चंद लोहनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा उपस्थित रहे। 
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वार्षिकोत्सव के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
साथ ही शांति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने अपने प्रतिभा और संदेश का प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष पदम नारायण अग्रवाल, सचिव प्रदीप गोयल, महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सुषमा यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणादायक संदेशों के साथ हुआ।









