हाथरस।उत्तर प्रदेश के हाथरस से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा की हत्या कर शव को नाले में फेंकने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दूसरी मुठभेड़ को अंजाम दिया है। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोपहर में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी वंश दीक्षित और रुद्र पाठक को गिरफ्तार किया, वहीं देर शाम एक और मुठभेड़ में आकाश और ललित को भी दबोच लिया गया।
हालांकि, इस मामले में 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपी कमल और गौरव अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल की रात जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को करीब 30 किलोमीटर दूर ले जाकर एक गंदे नाले में फेंक दिया गया था।
अगली सुबह, यानी 7 अप्रैल को थाना सहपऊ क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित नाले से पत्रकार का शव बरामद किया गया।
मृतक वेदप्रकाश शर्मा थाना सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला चौक के निवासी थे।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद एसपी हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विशेष टीमों का गठन किया है, जो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।









