हाथरस। एक बार फिर जिले की बेटी ने सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपी पीसीएस) परीक्षा में चयन होने पर परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं क्षेत्रीय लोगों द्वारा भी बेटी का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है।
मामला जनपद हाथरस के थाना मुरसान क्षेत्र के गांव पटेनी का है। यहां के निवासी ओमवीर सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में सहारनपुर जनपद में इंस्पेक्टर पद पर तैनात हैं। उनकी बेटी रश्मि ने यूपी पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए नायब तहसीलदार पद हासिल किया है। वहीं उनके बेटे अवनीश का भी रेलवे में लोको पायलट पद पर चयन हुआ है। एक ही परिवार के दो बच्चों के सरकारी सेवाओं में चयन से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
रविवार को रश्मि की ननिहाल खोड़ा हजारी में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने रश्मि और उनके भाई अवनीश का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सपा नेता रामनारायण काके, सपा नगर अध्यक्ष नरेश दिवाकर, डॉ. राधेश्याम रजक, अजय पाल मास्टर, सुनील दिवाकर, दिनेश दिवाकर, मनोज कल्याण, गोलू, महेंद्र सिंह, रामनिवास और धनीराम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रश्मि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही उन्हें सरकारी सेवा में आने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि उनके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर हैं और उन्हीं से प्रेरित होकर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।









