श्री गणेश चतुर्थी पर्व की तैयारियां हुई तेज़,श्री गणेश प्रतिमा को लेकर सजी दुकानें

0
9

 

हाथरस। श्री गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। गणेश चतुर्थी पर विभिन्न मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे, वहीं श्रद्धालु भगवान गणेश की कृपा पाने के लिए उपवास रखेंगे। घंटाघर स्थित प्राचीन गणेश मंदिर, तरफरा रोड स्थित गणेश मंदिर और होली वाली गली स्थित चमत्कारी गणेश मंदिर में छप्पन भोग, फूल बंगला और संकीर्तन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 14 और 15 सितंबर को भी मंदिरों में विशेष कार्यक्रम होंगे।

गणपति दरबार को फूल बंगले से सजाया जाएगा, जहां श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही गणेश जी की शोभायात्रा और महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं और पूजा सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। लोग घरों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी में जुटे हैं।

मूर्ति विक्रेता मदन राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले हैं और पिछले करीब 15 वर्षों से गणेश प्रतिमाएं बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गणेश चतुर्थी से करीब चार महीने पहले हाथरस आकर प्रतिमाएं बनाना शुरू कर देते हैं। इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा प्रतिमाओं की बिक्री अच्छी हो रही है। उनके पास 100 रुपये से लेकर 18 हजार रुपये तक की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। श्रद्धालु उत्साह के साथ प्रतिमाएं खरीद रहे हैं और स्थापना के बाद 11वें दिन विसर्जन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here