हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के आदर्श नगर जोगीपुरा में नगर पालिका की जेसीबी की चपेट में आने से 11 वर्षीय मासूम नेहा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि आदर्श नगर जोगीपुरा की गली नंबर दो निवासी बबलू की 11 वर्षीय बेटी नेहा गली से होकर जा रही थी। इसी दौरान सभासद की सूचना पर नगर पालिका की जेसीबी एक मृत गाय को दफनाकर वापस लौट रही थी। आरोप है कि जेसीबी चालक ने मशीन का पंजा चालू कर दिया, जिसकी चपेट में आने से नेहा का सिर और छाती दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम नेहा की मौत की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने जेसीबी को मौके पर रोक लिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बताया जा रहा है कि जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।










