सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को जनपद में आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

0
13

 

जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जिले से लेकर तहसील, विकासखंड, नगर निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

अभियान के तहत 17 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला चिकित्सालय हाथरस और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान के साथ मरीजों और जरूरतमंदों को फलों का वितरण भी किया जाएगा।

इसी क्रम में सुबह 10 बजे से हाथरस, सिकंदराराऊ, सादाबाद और सासनी के तहसील सभागारों में विश्वकर्मा टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा।

वहीं, शाम 7 बजे पूरे जनपद में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत हाथरस जनपद में 49 हजार 509 दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, पुलिस थानों, विकास भवन, श्री दाऊजी महाराज मंदिर, शहीद स्मारक, गांधी पार्क, तहसीलों समेत विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे।

इसके अलावा ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्र, डिजिटल पुस्तकालय, अमृत सरोवर, ग्राम सचिवालय, विद्यालय, गौशाला, जिला अस्पताल, सीएचसी, जिला स्टेडियम, वृद्धाश्रम और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है।

रूहेरी चौराहा, नगला भुस बाईपास चौराहा और कैलोरा चौराहा समेत प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सेवा, समर्पण, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here