हाथरस।अंबेडकर जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है।
दरअसल, इगलास रोड स्थित तहसील फार्म हाउस में समाज के लोगों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से एक बड़ा फैसला लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि आगामी 28 अप्रैल 2026 को निकलने वाली अंबेडकर शोभायात्रा की कमान अब लोकेंद्र सिंह संभालेंगे।
आपको बता दें कि इससे पहले अध्यक्ष पद को लेकर समाज में मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। पहले समाज के नेतृत्व में लोकेंद्र सिंह को अध्यक्ष चुना गया था, जबकि बाद में जाटव एकता समिति द्वारा गिर्राज फौजी को अध्यक्ष बनाया गया। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया था और मामला प्रशासन तक पहुंच गया था।
हालांकि, आज हुई बैठक में आपसी सहमति बन गई। गजेंद्र सिंह फौजी ने खुद आगे बढ़कर लोकेंद्र सिंह को समर्थन दिया और उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि गजेंद्र सिंह फौजी शोभायात्रा में संरक्षक की भूमिका निभाएंगे।
बैठक के दौरान समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने का संकल्प लिया।
अब 28 अप्रैल को निकलने वाली अंबेडकर शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।









