हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला भूरा गांव में अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार नगला भूरा निवासी रामवीर सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अजीत ने बीती रात अपने कमरे में फांसी लगा ली। जब काफी देर तक युवक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने झरोखे से देखा तो अजीत का शव फंदे पर लटका मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया है कि मृतक की शादी करीब 9 माह पहले हुई थी और वह परिवार का इकलौता बेटा था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







