हाथरस। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर में समाज के लोगों द्वारा आगरा रोड स्थित राधा स्वामी बगीची से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी का नेतृत्व शोभायात्रा अध्यक्ष लोकेंद्र कुमार ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी में शामिल लोग हाथों में बाबा साहब के झंडे लेकर बाइक और पैदल चलते हुए उनके जयकारे लगाते रहे। यह फेरी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई अलीगढ़ रोड स्थित खंदारी गढ़ी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रभात फेरी का शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।
शोभायात्रा अध्यक्ष लोकेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से सीयल खेड़ा स्थित बगीची से बाबा साहब की विशाल शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की गई है।







