दो बाइकों की टक्कर में 75 वर्षीय वृद्ध की हुई मौत,दो युवक घायल

0
68

 

हाथरस के सादाबाद-राया मार्ग पर बुधवार को गांव रमचेला के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक 75 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान ग्राम जंगला, कजरौठी ग्राम पंचायत निवासी प्रताप सिंह (75) पुत्र रामशरण सिंह के रूप में हुई है। प्रताप सिंह अपनी बाइक से राशन सामग्री लेने के लिए सादाबाद जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

जानकारी के अनुसार जब प्रताप सिंह गांव रमचेला के निकट पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया। दुर्घटना में घायल हुए हर्ष और गजेंद्र पुत्र सुशील निवासी नारायणपुर बाद का अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि सादाबाद-राया मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here