कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला नाई का नगला में बुधवार को खेल-खेल में बच्चों द्वारा प्लास्टिक की चारपाई में आग लगाने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में चार साल का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बच्चे ने प्लास्टिक की चारपाई में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में मौजूद चार वर्षीय बच्चा उसकी चपेट में आ गया। बच्चे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।









